मत्स्य उत्पादन क्षेत्र में चीन के बाद भारत विश्व का दूसरा सबसे ज्यादा मत्स्य उत्पादक देश है। देश में प्रतिवर्ष करीब 150 लाख टन मछली का उत्पादन होता है। इनमें झारखंड में करीब 3 लाख टन मछली उत्पादन होता है। देश में करीब 3100 मछली की प्रजातियां हैं। उक्त विचार देश के जाने-माने जलीय कृषि वैज्ञानिक एवं आईसीएआर के पूर्व महानिदेशक पद्मश्री डॉ सुब्बना अय्यपन ने कही। वे बतौर मुख्य अतिथि राज्य के एकमात्र मत्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे।
डॉ अय्यपन ने कहा कि एक किलो धान उत्पादन में करीब 1600 लीटर पानी की जरूरत होती है, जबकि एक किलो मछली उत्पादन में करीब 300 लीटर मात्र पानी की जरूरत होती है। देश में गुमला सहित कुल 30 मत्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय संचालित है। इन महाविद्यालयों से प्रतिवर्ष करीब एक हजार फिशरीज ग्रेजुएट एवं पोस्ट ग्रेजुएट आदि पास आउट होते है। आगामी दस वर्षो में देश को 10 हजार फिशरीज ग्रेजुएट एवं पोस्ट ग्रेजुएट आदि की जरूरत होगी।

पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव ने कहा कि देश की इकॉनमी में कृषि और मत्स्यिकी क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है। आज देश में जलीय कृषि के प्रणेता डॉ अय्यपन के हाथों गुमला में कॉलेज का उद्घाटन बेहद गौरव का क्षण है। इससे आज पिता बाबु कार्तिक उरांव की आत्मा को शांति मिलेगी। नई मत्स्य तकनीक विकास से गुमला के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। कॉलेज को पहचान मिलने से गुमला जिला का भी गौरव बढ़ेगा।
झारखंड के मत्स्य निदेशक एचएन द्विवेदी ने कहा कि इस कॉलेज की आधारशिला रखने में विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह एवं पूर्व मत्स्य निदेशक राजीव कुमार की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कॉलेज के उद्घाटन से राज्य मत्स्य निदेशालय का चिर प्रतिक्षित सपना साकार हुआ है। जिला मत्स्य पदाधिकारी दीपक सिंह ने राज्य के मत्स्य क्षेत्र में इसे बेहद भावुक क्षण बताया।
स्वागत भाषण में एसोसिएट डीन डॉ एके सिंह ने बताया कि 2017 में स्थापित इस कॉलेज से अबतक दो बैच के विद्यार्थी पास आउट हुए। दोनों बैच के बहुतायत छात्रों ने आईईएआर- जेआरएफ एग्जाम में सफलता हासिल की है। देश के सबसे प्रतिष्ठित कॉलेज के पीजी प्रोग्राम में छात्रों ने नामांकन कराया है। उन्होंने कॉलेज को विस्तार देने में स्थानीय उपायुक्त का योगदान का विशेष उल्लेख भी किया।
धन्यवाद डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने दी। उन्होंने कॉलेज परिसर को विकसित करने में स्थानीय उपायुक्त के निरंतर सहयोग का आभार जताया। कॉलेज के विकास में राज्य मत्स्य निदेशालय एवं जिला मत्स्य कार्यालय के सहयोग की सराहना की और आगे सहयोग मिलने की आशा जताई।
इससे पूर्व कॉलेज के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन डॉ एस अय्यपन द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ एस अय्यपन ने उत्कृष्ट योगदान के लिए कॉलेज के डॉ स्वाति एवं संजय नाथ पाठक को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
मौके पर स्थानीय मधुकुंज के शंकर नायक की टीम द्वारा नृत्य संगीत की प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम का संचालन हरियाली रेडियो समन्यवयक शशि सिंह ने की। मौके पर कॉलेज के शिक्षक, विद्यार्थी सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे।
The post मत्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन appeared first on Birsa Agricultural University.