Image may be NSFW.
Clik here to view.
उत्तराखंड के पंतनगर में 17वीं ऑल इंडिया वेटरनरी कॉलेज बैडमिंटन और टेबल टेनिस का टूर्नामेंट एवं प्रोफेशनल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिए रांची वेटनरी कॉलेज का 17 सदस्यीय दल शुक्रवार को रवाना हुआ। प्रतियोगिता में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगी। इसमें पूरे देश के करीब 70 वेटनरी कॉलेज के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
रांची वेटनरी कॉलेज के 17 सदस्यीय दल को सादे समारोह में कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने विदा किया। मौके पर कुलपति ने सभी छात्रों को ट्रैकसूट, टीशर्ट और जूते, बैडमिंटन और टेबल टेनिस रैकेट एवं अन्य उपयोगी खेल सामग्री सौंपी। उन्होंने छात्रों से कहा कि पंतनगर में स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय सुव्यवस्थित एवं सुनिश्चित तरीके से स्थापित देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय है। उसकी सेंट्रल लाइब्रेरी छात्रों के लिए 24 घंटे खुली रहती है। सभी छात्र इस लाइब्रेरी में किताबों के अद्भुत संग्रह का अवश्य अवलोकन करेंगे। उन्होंने डीन वेटनरी को पंतनगर में छात्रों के लिए 3-4 विशेष व्याख्यान का आयोजन कराने को कहा। छात्रों को प्रतियोगिता में अनुशासन एवं स्वस्थ्य खेल भावना के साथ कॉलेज का गौरव बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
मौके पर डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने कहा कि रांची वेटनरी कॉलेज का देश में गौरव पूर्ण इतिहास रहा है। ऑल इंडिया स्तर पर वेटरनरी कॉलेज के छात्रों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत 2001 में हुई थी। छात्रों के समक्ष इस कॉलेज का खेल के क्षेत्र में मान बढ़ाने और राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने का एक बढ़िया अवसर है। प्रतियोगिता में खेल भावना का परिचय दें। कुलपति के परामर्श पर पंतनगर के डीन वेटनरी से बात कर छात्रों के विशेष व्याख्यान की व्यवस्था की जाएगी।
इस प्रतियोगिता में रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय 7 प्रतियोगी भाग ले रहे हैं। चार प्रतियोगी प्रोफेशनल क्विज कंपटीशन में भाग लेंगे। बैडमिंटन और टेबल टेनिस में टीम स्पर्धा होगी लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग होगी। इसमें बैडमिंटन में 4 लड़के और 4 लड़कियां अलग-अलग और टेबल टेनिस में 4 लड़के एवं 4 लड़कियों की टीम भाग लेगी।
कॉलेज के 17 सदस्यीय दल में 9 लड़कियां और 8 लड़के शामिल हैं। प्रतियोगिता के बैडमिंटन स्पर्धा में 4 लड़के और 4 लड़कियां तथा टेबल टेनिस स्पर्धा में 4 लड़के और 4 लड़कियां का दल भाग लेगा। प्रोफेशनल क्विज प्रतियोगिता में 4 प्रतिभागी शामिल होंगे।
सहायक प्रोफ़ेसर डॉ शिववरन सिंह इस दल के लीडर एवं प्रभारी हैं। दल के विदाई के मौके पर कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह और डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने छात्रों को आशीर्वाद दिया। जीत की शुभकामनाएं दी। मौके पर डॉ प्रवीण कुमार एवं मृतुन्जय सिंह भी मौजूद थे।
The post ऑल इंडिया वेटरनरी कॉलेज टूर्नामेंट में भाग लेने आरवीसी के छात्रों का दल रवाना appeared first on Birsa Agricultural University.